छठे पातशाह और मीरी-पीरी के मालिक श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी का गुरता गद्दी दिवस बुधवार को श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सचखंड श्री हरमंदिर साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब में मत्था टेककर गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा अर्पित की तथा सरबत के भले की अरदास की। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने संगत को पावन पर्व की बधाई देते हुए कहा कि गुरता गद्दी दिवस के अवसर पर गुरु घर में विशेष रूप से जलौ साहिब सजाया गया है। रात के समय दीपमाला और अलौकिक आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एसजीपीसी की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं।