शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शन के लिए जाने वाले जत्थे को लेकर अहम बातें साझा कीं। उन्होंने भारत और पाकिस्तान सरकारों से अपील की कि वीज़ा नीतियों को सरल बनाया जाए, ताकि श्रद्धालु सुबह दर्शन कर शाम तक वापस लौट सकें और अधिक से अधिक संगत को दर्शन का अवसर मिल सके। धामी ने कहा कि सिख कौम की अरदास में भी यह मांग शामिल है कि जो गुरुधाम पंथ से अलग हो गए हैं, उनके खुले दर्शन दीदार संभव हों। उन्होंने जत्थे को शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी श्रद्धालु गुरु साहिब के चरणों में पूरी श्रद्धा और नाम सिमरन के साथ जाएं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के अकेले यात्रा करने के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं को अकेले वीज़ा मिल जाता है, जिससे बाद में समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। SGPC ने महिलाओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान परिवार के किसी सदस्य को साथ लेकर जाएं, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। इसके साथ ही धामी ने धन-धन गुरु अर्जन देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर संगत को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने सिख कौम को आदि श्री गुरु ग्रंथ साहिब के रूप में अमूल्य विरासत दी है। गुरबाणी हमें सही जीवन जीने का मार्ग दिखाती है और मानवता का मार्गदर्शन करती रहेगी।