अमृतसर में ज्वsलर्स को फिरौती की धमकियां देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों पर गैंगस्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत विशेष टीमों का गठन कर इस फिरौती मामले को ट्रेस किया गया। जांच में सामने आया कि ज्वैलर्स को धमकियां नुशहरा गैंग की ओर से दी जा रही थीं। पुलिस ने सबसे पहले 21 वर्षीय जसनदीप को गिरफ्तार किया, जो पत्ती सरहाली (तरनतारन) का निवासी है। पूछताछ के दौरान जोबनजीत और गुरकीरत उर्फ कीरत के नाम सामने आए, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार जोबनजीत मुख्य आरोपी है, जो वारदात के दिन मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि अन्य आरोपी लॉजिस्टिक और स्थानीय मदद कर रहे थे।