जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को अमृतसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ मदान उर्फ मिट्ठू मदान के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विद्यार्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा की। सौरभ मदान ने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ पुलिस ने कथित तौर पर सख्ती की, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के निर्देश पर पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से कथित घटना के लिए माफी मांगने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पूर्व विधायक डॉ. राज कुमार वेरका ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में लोग इस मामले में जवाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। वेरका ने कहा कि कांग्रेस विद्यार्थियों की आवाज बनकर उनके साथ खड़ी है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा।