पंजाब में बढ़ती लूट, झपटमारी और आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. राजकुमार वेरका ने अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। डॉ. वेरका ने अजनाला में हाल ही में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले हथियार के बल पर केले बेचने वाले युवक से लूट की गई, फिर एक बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां छीनी गईं। इसके बाद एक अन्य घटना में बाइक सवार बदमाशों ने महिला की बाली छीनते समय उसका कान तक काट दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं साबित करती हैं कि पंजाब में महिलाएं और बुजुर्ग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। वेरका ने आरोप लगाया कि दिनदहाड़े लूट, झपटमारी और फिरौती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कानून-व्यवस्था संभाल नहीं पा रही है तो मुख्यमंत्री को पद छोड़ देना चाहिए।