मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को अमृतसर दौरे के दूसरे दिन सीमावर्ती क्षेत्र अजनाला को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने अजनाला की दाना मंडी में प्रस्तावित सरकारी डिग्री कॉलेज की नींव रखी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की इस मांग के पूरी होने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज बनने से अजनाला और आसपास के गांवों के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए अब दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के आगमन पर दाना मंडी में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार का उद्देश्य हर क्षेत्र तक समान विकास पहुंचाना है। सीमावर्ती और उपेक्षित इलाकों में शिक्षा के नए केंद्र स्थापित कर युवाओं को मजबूत भविष्य देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। लोगों ने इसे अजनाला के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।