अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस के थाना छेहरटा ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए लूट, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज तीन मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक दातर, एक एक्टिवा और 40 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, थाना छेहरटा में 3 जुलाई को दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में गांव बासरके भैणी निवासी पवनवीर सिंह उर्फ अर्श को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं, 6 जुलाई को दर्ज लूट के मामले में पुलिस ने लवप्रीत सिंह उर्फ लव, मनप्रीत सिंह उर्फ मनी और वंश शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से तीन मोबाइल फोन, एक दातर और वारदात में इस्तेमाल की गई एक एक्टिवा बरामद की गई है। इसके अलावा 7 जुलाई को आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गुरमीत सिंह उर्फ डिप्टी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर (आईपीएस) के निर्देशों पर एडीसीपी सिटी-2 श्री सिरीवनेला (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा एसीपी पश्चिम कमलदीप सिंह की निगरानी में थाना छेहरटा के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि उनसे आगे की पूछताछ कर अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके।