अमृतसर के हाथी गेट स्थित एक पुरानी चाय की दुकान पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने सुबह चाय की चुस्की लेते हुए पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब “बदलाव की चाय” चाहती है और प्रदेश को भ्रष्टाचार, गैंगस्टर राज और नशों से मुक्त देखना चाहती है। तरुण चुघ ने दावा किया कि यदि पंजाब की जनता भाजपा को दो साल का समय दे तो राज्य को ड्रग फ्री और गैंगस्टर मुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज डॉक्टर, व्यापारी, किसान और दुकानदार सभी रंगदारी और धमकियों से परेशान हैं, जबकि गांव-गांव में नशों के कारण मौतों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। चुघ ने कहा कि प्रदेश में न नए स्कूल बने, न अस्पताल और न ही किसानों को एमएसपी की गारंटी मिली। भाजपा नेता ने केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां गिनाते हुए मोहाली के सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट समेत कई विकास योजनाओं का जिक्र किया। वहीं ईडी की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि एजेंसी स्वतंत्र रूप से कानून के तहत काम कर रही है।