अमृतसर देहाती पुलिस ने गैंगस्टर और सीमा पार से संचालित हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 पाकिस्तानी निर्मित पिस्तौल बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जंडियाला गुरु के चर्चित एडवोकेट लखविंदर सिंह हत्याकांड और पेट्रोल पंप फायरिंग मामले के मुख्य शूटर भी शामिल हैं। अमृतसर बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि थाना लोपोके, जंडियाला, स्पेशल सेल और अमृतसर देहाती पुलिस की संयुक्त टीमों ने यह सफलता हासिल की है। पुलिस ने जस्करण सिंह निवासी रानियां से पांच पिस्तौल, नौ मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि मनीष कुमार उर्फ मनी के कब्जे से तीन पिस्तौल और 400 ग्राम नशीला पदार्थ मिला है। पुलिस ने रवलजीत सिंह उर्फ सोनू और उसके साथी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पर एडवोकेट लखविंदर सिंह की हत्या और एक सरपंच पर हुई फायरिंग में शामिल होने का आरोप है। इनके पास से दो विदेशी पिस्तौल बरामद हुई हैं। डीआईजी गिल ने बताया कि आरोपियों के संबंध आईएसआई, विदेश में बैठे हैंडलरों और ड्रोन के जरिए हथियार भेजने वाले नेटवर्क से जुड़े मिले हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से रंगदारी मांगने और दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में नार्को-टेरर मॉड्यूल से जुड़े एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।