अमृतसर के तरनतारन रोड पर अकाली दल वारिस पंजाब पार्टी की ओर से विशाल जुटान (रैली) आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में तरसेम सिंह ने कहा कि यह जुटान पंजाब के मौजूदा हालात पर चर्चा और पंजाबी कौम को एकजुट करने के उद्देश्य से बुलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों को भी रिहा नहीं किया जा रहा, जो न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से जुड़े कुछ लोगों पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि चाहे दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार रही हो या केंद्र में भारतीय जनता पार्टी, दोनों ही सिखों के हितैषी होने का दावा करती हैं, लेकिन बंदियों की रिहाई पर ठोस कदम नहीं उठाए गए।