शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद अमृतसर में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इसी बीच अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने सक्की नाले का दौरा कर वहां के हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान औजला ने नाले में पानी के तेज बहाव और आसपास की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बरसात के समय शहर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। यदि समय रहते नालों की सफाई और रखरखाव किया जाए तो जलभराव जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से सक्की नाले की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा बारिश के दौरान प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को बरसात के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को पहले से ही प्रभावी इंतजाम करने चाहिए। उल्लेखनीय है कि शनिवार को हुई बारिश के बाद अमृतसर के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिला, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।