अमृतसर के गांव वरपाल में किसान पहले ही बाढ़ से हुए नुकसान से उबर नहीं पाए थे कि अब बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। पिछले कुछ दिनों के दौरान पंजाब भर में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण तैयार खड़ी गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। खास तौर पर वरपाल में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने फसल को जमीन पर गिरा दिया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का खतरा पैदा हो गया है। किसानों का कहना है कि उन्होंने साल भर मेहनत कर अपने बच्चों की तरह फसल को पाला था, लेकिन अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। विशेषज्ञों के अनुसार अगर फसल लंबे समय तक खेतों में इसी तरह पड़ी रहती है तो दाने काले पड़ने और उत्पादन (झाड़) कम होने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे किसानों की आय पर सीधा असर पड़ेगा। किसानों ने बताया कि कुछ समय पहले आई बाढ़ से उनकी धान की फसल का भी भारी नुकसान हुआ था और अब फिर से बेमौसम बारिश ने गेहूं की फसल को प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रहे नुकसान से किसान बेहद चिंतित नजर आ रहे हैं।