आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में जब भी चुनाव आते हैं, उसी दौरान बम धमाकों और आतंकी घटनाओं का माहौल बनना शुरू हो जाता है। अमृतसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान धालीवाल ने कहा कि दीनानगर जैसे हमले भी चुनावी दौर में ही हुए, जिनमें देश के जवान शहीद हुए, लेकिन आज तक इन मामलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा डर और दहशत का माहौल बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है। धालीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा कई बार केंद्र सरकार को पत्र लिखे जाने के बावजूद बीएसएफ और सुरक्षा एजेंसियों को आधुनिक तकनीक तथा एंटी-ड्रोन सिस्टम उपलब्ध नहीं करवाए गए। धालीवाल ने कहा कि हाल ही में पठानकोट में पंजाब पुलिस ने ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियार बरामद किए हैं, जो सीमा सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब की सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। भाजपा नेता तरूण चुघ द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेजे गए मानहानि नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए धालीवाल ने कहा कि नोटिस का जवाब दिया जाएगा, लेकिन सच बोलना बंद नहीं किया जाएगा। बेअदबी कानून को लेकर उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब पंजाब विधानसभा में इस कानून पर चर्चा हो रही थी, तब अकाली दल का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। धालीवाल ने दावा किया कि संत समाज, सिख विद्वानों और विभिन्न संगठनों से चर्चा के बाद ही यह कानून तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे, गैंगस्टरों और आतंकवाद के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।