अमृतसर में नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब से एक भव्य नगर कीर्तन श्रद्धा और सम्मान के साथ निकाला गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में शुरू हुए इस नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस पावन अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से संगतों की सुविधा के लिए विशेष और पुख्ता प्रबंध किए गए। नगर कीर्तन की शुरुआत के दौरान श्री हरिमंदिर साहिब के हजूरी रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।