अमृतसर के इस्लामाबाद क्षेत्र की चौकी वाली गली में आवारा कुत्तों के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग गली से गुजर रहे थे, तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां एक प्रमुख स्कूल भी है। रोजाना बड़ी संख्या में बच्चे और राहगीर यहां से गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।