अमृतसर के छेहरटा चौक में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान सलोनी के रूप में हुई है, जो होशियारपुर की रहने वाली बताई जा रही है और अमृतसर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के अनुसार, सलोनी अपने भाई के साथ एक्टिवा पर जा रही थी, तभी गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से तेज रफ्तार में आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती ट्रॉली के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसका भाई घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शी मनप्रीत सिंह के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ रही थी और ओवरलोड होने के कारण उसके ब्रेक भी ठीक से काम नहीं कर पाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रॉली पर नंबर प्लेट भी नहीं थी और हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में रोष फैल गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि इस इलाके में अक्सर रॉन्ग साइड वाहन चलते हैं, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं होती। लोगों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी लवप्रीत सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।