हाइड मार्केट स्थित एक दुकान में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार चोर शटर खोलकर करीब एक घंटे तक दुकान के अंदर रहा और नकदी, मोबाइल फोन, दुकान में लगी एलसीडी तथा गिफ्ट का सामान लेकर फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दुकानदार ने बताया कि यह इलाका काफी व्यस्त है और पास ही शहर का प्रमुख चौक है, जहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहती है। इसके बावजूद चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर निकल गया। इससे पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक माह पहले भी दुकान के बाहर से एक्टिवा चोरी हुई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार दूसरी घटना से व्यापारियों में रोष है और उन्होंने रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है।