चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय युवा महोत्सव शुरू हो गया है। युवा महोत्सव में 15 से 29 आयु के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। दो दिन में सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी 10 कलाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। लोक नृत्य ग्रुप, लोक नृत्य एकल, लोक गीत ग्रुप, लोक गीत एकल, कहानी लेखन, कविता, पेंटिंग, भाषण, फोटोग्राफी आदि प्रतियोगिताएं शामिल है। खास बात है कि पहली बार साइंस मेला का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थी इनोवेशन ऑफ साइंस टेक्नोलॉजी विषय पर अपने मॉडल प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार-चांद भी लगाएंगे। राज्य स्तर पर उपरोक्त विधाओं में अव्वल रहने वाले 44 होनहार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, नेहरू युवा केंद्र संगठन व राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त रूप से किया जा रहा है। उपायुक्त की ओर से 10 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। जो विद्यार्थियों की प्रतिभा को तराश रहे हैं।