फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में छह नवंबर से प्रचार का आगाज करेंगी मायावती

वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम Updated Thu, 23 Oct 2025 02:45 PM IST

बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राजनीतिक पार्टियां अपने समीकरण बनाने में जुट गई हैं। बिहार में हर पल चुनावी समीकरण बदल रहे हैं। मायावती ने भी बिहार की चुनावी समर में उतरने का एलान कर दिया है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती छह नवंबर से बिहार चुनाव में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करने जा रही हैं।

मायावती छह नवंबर को भभुवा हवाई अड्डे के मैदान में रामगढ़ और कैमूर सीट के प्रत्याशियों के समर्थन में वोट देने की अपील करेंगी।

आपको बता दें कि पार्टी संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस पर राजधानी में आयोजित रैली में लाखों लोगों के जुटने के बाद बिहार चुनाव में मायावती की रैलियों की डिमांड की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी द्वारा बिहार चुनाव के लिए मायावती की करीब दो दर्जन रैलियों को आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद अपनी बिहार यात्रा के जरिये पार्टी की सफलता के लिए जमीन तैयार कर चुके हैं। अब मायावती की रैलियों के आयोजन के बाद बिहार में दलित वोट बैंक को अपने पाले में करने की कवायद की जा रही है।

बिहार चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने अपने 40 स्टार प्रचारक मैदान में उतारे हैं, जिनमें से मायावती की रैलियों की सबसे ज्यादा डिमांड की जा रही है। इसके अलावा आकाश आनंद और केंद्रीय कोऑर्डिनेटर रामजी गौतम और डॉ. लालजी मेधंकर भी प्रत्याशियों के लिए जनसभाएं कर रहे हैं। बसपा अब तक अपने 128 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है।

बसपा सुप्रीमो ने बीती 16 अक्तूबर को राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों की बैठक के बाद राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद से बिहार चुनाव की तैयारियों के बारे में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान आकाश ने उन्हें बिहार के हालिया राजनीतिक समीकरणों के साथ बसपा की स्थिति के बारे में रिपोर्ट सौंपी।
 

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें