ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
उमरिया में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावक संघ ने शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। अभिभावक संघ का कहना है कि निजी स्कूल हर साल फीस में वृद्धि करते हैं, लेकिन बढ़ी हुई फीस के बदले मिलने वाली अतिरिक्त सुविधाओं की जानकारी नहीं दी जाती। साथ ही, स्कूल फीस किस मद में ली जा रही है, इसका विवरण भी स्कूल के सूचना पटल पर प्रदर्शित नहीं किया जाता।
अभिभावकों ने बताया कि पाठ्य-पुस्तकों को लेकर भी गंभीर समस्या है। स्कूल हर साल किताबें बदल देते हैं और अभिभावकों को महंगी किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है। खास बात यह है कि ये किताबें केवल चुनिंदा दुकानों पर ही उपलब्ध होती हैं, जबकि माध्यमिक शिक्षा मंडल और सीबीएसई की किताबें हर दुकान पर उपलब्ध होती हैं और उनकी कीमतें भी उचित होती हैं।
यह भी पढ़ें: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे गांव से 14 साल के बच्चे को उठा ले गया बाघ, खून से लथपथ मिला शव
स्कूल यूनिफॉर्म को लेकर मनमानी
अभिभावकों ने शिकायत की कि स्कूल यूनिफॉर्म की खरीद को लेकर भी मनमानी की जा रही है। निर्धारित यूनिफॉर्म केवल विशेष दुकानों से ही खरीदनी पड़ती है, जिसकी कीमत बहुत अधिक होती है। नियम के अनुसार अभिभावकों को कहीं से भी कपड़ा खरीदकर यूनिफॉर्म बनवाने की छूट होनी चाहिए।
खेल सुविधाओं का अभाव
अधिकतर निजी स्कूलों में खेल के मैदान और स्किल डेवलपमेंट की सुविधाएं नहीं हैं, फिर भी इन सुविधाओं के नाम पर अभिभावकों से फीस वसूली जाती है। अभिभावक संघ ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: खराब सड़क पर अनियंत्रित हुई बाइक, दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल, सुरक्षा पर उठे सवाल
अयोग्य शिक्षकों की भर्ती
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकतम विद्यालयों में पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों के योग्य शिक्षक ही नहीं हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। साथ ही, गर्मी की छुट्टियों के दौरान स्कूल बंद रहने पर भी स्कूल की फीस और बस फीस जबरन वसूली जाती है।
15 दिन बाद होगा धरना प्रदर्शन
अभिभावक संघ के सदस्य अभिषेक तिवारी ने बताया कि उन्होंने आठ बिंदुओं को लेकर ज्ञापन सौंपा है। यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो 15 दिन बाद धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में अपर कलेक्टर शिव गोविंद मरकाम ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और इसके बिंदुओं पर चर्चा के लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी।