टीकमगढ़ जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुंडेश्वर धाम में गीता जयंती के अवसर पर बुधवार की रात दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु शामिल हुए। इसके साथ ही जमडार नदी की महाआरती भी की गई। जिला प्रशासन की ओर से टीकमगढ़ के एसडीएम संजय दुबे कार्यक्रम में शामिल हुए।
पिछले तीन वर्षों से जारी परंपरा
वैदिक सनातन परिवार के संयोजक दुष्यंत तिवारी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती के अवसर पर कुंडेश्वर धाम में दीपदान का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी उषा कुंड पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही भजन संध्या, महाआरती और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र तिवारी, साधु-संत, विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, और बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीणों ने भाग लिया।
दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात में दीपदान
दुष्यंत तिवारी ने बताया कि गीता जयंती के अवसर पर दिन में कुंडेश्वर धाम के प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं, रात में जमडार नदी में दीपदान का कार्यक्रम हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस दिन दीपदान करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।