दमोह। जिला अस्पताल के अंदर गुटका ले जाने के लिए एक पिता ने अनोखा तरीका अपनाया और उसके टोपे के अंदर छिपा दिया, लेकिन चेकिंग के दौरान गार्ड ने उसे पकड़ लिया। जिसे देख अन्य मरीज भी हैरान हो गए उसके बाद पिता को समझाइश दी गई।
बता दें जिला अस्पताल के अंदर गुटखा, पाउच, बीड़ी, सिगरेट,तंबाकू ले जाने पर रोक लगाई गई है। परिजन से मिलने जाने वाले लोगों की सुरक्षा कर्मियों के द्वारा गेट पर ही तलाशी ली जाती है इसके बाद ही अंदर जाने दिया जाता है, लेकिन लोग गुटखा आदि सामग्री छिपाने के लिए नए नए तरीके खोज रहे हैं। ऐसे ही एक व्यक्ति ने अपने बच्चे को ठंड से बचाने के लिए सिर में लगाए गए टोपे के अंदर गुटखा छिपाकर रख दिया। गुरुवार दोपहर बच्चे को गोद में लेकर अस्पताल के अंदर जा रहा था, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की नजर से नहीं बच पाया। सुरक्षाकर्मी ने पिता की तलाशी लेने के बाद जब बच्चे का टोपा निकालकर देखा तो उसके अंदर गुटका पाउच निकला। जिस पर परिजन को समझाइश दी गई और जाने दिया गया।
जिला अस्पताल में गुटका, तंबाखू और बीडी ले जाने पर प्रतिबंध लगा है। यदि अस्पताल के अंदर मरीज धूम्रपान करते मिलता है तो उस पर 100 रुपए का चालान भी किया जाता है इसके बाद भी लोग नहीं मानते और कई बार विवाद के हालात भी बन जाते हैं। हालांकि इसमें कई बार सुरक्षा गार्ड पर भी आरोप लगते है कि वह पहचान के लोगों की कोई चेकिंग नहीं करते और वह उनके सामने ही गुटखा खाते हुए निकलते हैं केवल ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की ही चेकिंग की जाती है।