आत्मदाह के लिए पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंचा युवक
- फोटो : अमर उजाला
मंदसौर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब कार्यालय परिसर में एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह करने पहुंचा। युवक ने जैसे ही पेट्रोल से भरी बोतल का ढक्कन खोलने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने युवक के हाथ से बोतल को छीन लिया।
युवक ने बताया कि मंदसौर जिले के बेलारा निवासी तांत्रिक ने परिवार में परेशानी को लेकर व भूत प्रेत की बाधा बताकर तंत्र क्रिया करने के नाम पर दो लाख रुपये से अधिक की राशि ठग ली और कोई काम भी नहीं किया। जब युवक ने तांत्रिक से रुपये मांगे तो तांत्रिक व उसका साथी युवक को डरा धमाका रहे हैं। साथ ही उसके ऊपर भूत छोड़ने की धमकी दे रहे हैं।
मंदसौर के सीतामऊ के ग्राम बैलारा के दो युवकों मंगलनाथ अघोरी और नरेंद्र नामक युवक ने तंत्र क्रिया के नाम पर निलेश द्विवेदी पिता रामलाल ब्राहमण निवासी ग्राम निरोधा तहसील करछना जिला प्रयागराज उत्तर प्रदेश से दो लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। जब नीलेश द्विवेदी का काम नहीं हुआ तो उसने मंगलनाथ और नरेंद्र से अपने रुपये वापस मांगे। रुपये नहीं मिलने पर नीलेश द्विवेदी हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, यहां उसने आत्मदाह करने के लिए खुद के ऊपर पेट्रोल डालने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने नीलेश के हाथ से पेट्रोल से भरी बोतल छीन ली। इस दौरान एएसपी गौतम सोलंकी और कोतवाली थाना टिआई पुष्पेंद्र राठौर भी मौके पर पहुंचे और युवक से चर्चा कर कार्रवाई की बात कही।
पीड़ित निलेश द्विवेदी ने बताया कि वो किसान है और घरेलू समस्या से परेशान होकर ग्राम बैलारा में समाधान के लिए पहुंचा था। लेकिन यहां मंगलनाथ जिनका मोबाइल 8839329114 है व नरेन्द्र का मोबाइल नंबर 8982026335 है। इनसे संपर्क हुआ, इन्होंने मुझको छह अगस्त 2024 को बुलाया तथा कहा कि तंत्र मंत्र द्वारा हम आपकी समस्त घर की परेशानियां ऊपरी हवा आदि जो भी घर में गड़बड़ी है, सबको दूर करने के नाम पर मुझे विश्वास में लेकर मंगलनाथ ने तीन बार बुलाकर मुझसे मोबाइल नंबर 8839329114 पर लगभग ऑनलाइन के माध्यम से लगभग 50 रुपये लिए तथा नरेन्द्र ने अलग-अलग अकाउंट नंबर देकर एक लाख 7,000 रुपये यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन डलवाए।
उसके बाद मंगलनाथ ने एक बार फिर 60 हजार रुपये नकद लिए। इतनी राशि देने के बाद भी जब कोई लाभ नहीं हुआ तो मैंने गंगलनाथ व नरेन्द्र से कहा कि मेरा रुपया वापस लौटा दो तो दोनों मुझे धमकी दी और कहा कि तंत्र किया कर तुम्हारे ऊपर भुत प्रेत छोड़ दूंगा और तुम्हारे परिवार का नाश कर दूंगा। मंगलनाथ और नरेन्द्र द्वारा रोज दी जा रही धमकी से मैं परेशान हो गया था। इसी कारण में आत्मदाह करने एसपी ऑफिस आया था।