मंदसौर शहर की मयूर कॉलोनी में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ दौड़ता भागता लोगों के मकानों की छतों पर देखा गया। तेंदुए को कभी गली में तो कभी लोगो के घरों की ओर दौड़ता देख लोगों में अफरातफरी मच गई। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ा तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
मंदसौर शहर के संजीत नाका क्षेत्र स्थित मयूर कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 8 बजे उस समय अफरा तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंच गया। तेंदुए को गली में दौड़ता-कूदता देख लोगों में भय बैठ गया। इसी दौरान जब तेंदुआ एक मकान की छत से होते हुए भाजपा नेता बंसी राठौर के निर्माणाधीन मकान में घुस गया तो लोगों ने निर्माणाधीन मकान का दरवाजा बंद कर तेंदुए को अंदर ही कैद कर दिया। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें- बांधवगढ़ की सैर अब और सस्ती, ज्वालामुखी बफर जोन में एक हफ्ते तक फ्री एंट्री का रोमांच
सूचना मिलते ही सीएसपी जितेंद्र भास्कर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर करीब 9 बजे वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन मंदसौर जिला मुख्यालय पर तैनात वनकर्मियों में कोई भी एक्सपर्ट नहीं होने के कारण टीम सिर्फ मूकदर्शक बनकर खड़ी रही और गांधीसागर से एक्सपर्ट की टीम आने का इंतजार करती रही।
इधर शहर में तेंदुए की आमद की सूचना मिलने पर मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। तेंदुए के खतरे को देखते हुए पुलिस टीम ने लोगों को गली से बाहर किया और लोगों के घरों के दरवाजे बंद करवाकर उन्हें छत पर जाने के लिए कहा ताकि तेंदुआ अगर बाहर निकलकर घबराहट में हमला करता भी है तो कोई जान माल की हानि ना हो। करीब तीन घंटे बाद गांधीसागर वन अभयारण्य क्षेत्र वन विभाग की एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाल डालकर तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज कर पकड़ा। तेंदुए को पिंजरे में डालकर टीम गांधीसागर के लिए रवाना हुई।
कॉलोनी में यहां वहां घूमता रहा तेंदुआ