फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maihar News: मां शारदा का भव्य शृंगार और आरती के साथ शारदीय नवरात्र की भव्य शुरुआत, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

Mon, 22 Sep 2025 07:59 AM IST
मैहर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मैहर

शारदीय नवरात्र का पावन पर्व सोमवार से मां शारदा धाम मैहर में विधि-विधान के साथ शुरू हो गया। सुबह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और मां शारदा का भव्य शृंगार कर प्रथम दिवस की आरती संपन्न की गई। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

सुबह की आरती ने खींचा भक्तों का मन
भोर होते ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। प्रधान पुजारी पंडित पवन पांडेय ने वेद-मंत्रों के उच्चारण के बीच मां शारदा की पूजा की। इसके बाद फूलों, आभूषणों और चुनरी से मां को अलंकृत कर शृंगार किया गया। माता के दरबार की छटा देखते ही बनती थी। आरती के समय मंदिर प्रांगण जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।

देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु
नवरात्र के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मैहर पहुंचे। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से भक्त मां शारदा का आशीर्वाद लेने आए। कई श्रद्धालु परिवार सहित पूरे नौ दिनों तक यहां रहकर उपवास और पूजा-अर्चना करने का संकल्प लिए हुए हैं।

यह भी पढ़ें-  मां शारदा धाम मैहर; यहां आज भी पहले आल्हा-उदल करते हैं पूजा, नवरात्रि पर देखें ये तस्वीरें

पारंपरिक मेले में रौनक
नवरात्रि के साथ ही मैहर का ऐतिहासिक मेला भी प्रारंभ हो गया। मंदिर परिसर और आसपास की गलियां श्रद्धालुओं और दुकानों से पट गई हैं। धार्मिक सामग्री, खिलौने, प्रसाद और झूले मेले का आकर्षण बने हुए हैं। बच्चे और महिलाएं खरीदारी में व्यस्त नजर आए। वहीं श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा शहर भक्ति रंग में रंग गया।

प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस और पेयजल की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया है और बिजली विभाग ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की है।

अगले नौ दिन मां की भक्ति में डूबेगा मैहर
नवरात्रि पर्व को लेकर पूरे मैहर शहर में उत्सव जैसा माहौल है। अगले 9 दिन तक मां शारदा धाम में विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक आयोजन होंगे। लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें