सोशल मीडिया पर चर्चित महेश्वर की मोनालिसा की फरमान से शादी का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है। इस मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने गंभीर रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है। आयोग ने खरगोन पुलिस अधीक्षक को नोटिस देकर पूरे मामले की जांच करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, मोनालिसा और फरमान की शादी के बाद यह मामला तब विवादों में आया जब मोनालिसा के परिजनों ने उसकी उम्र को लेकर सवाल उठाए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मोनालिसा नाबालिग है और उसकी शादी नियमों के विरुद्ध कराई गई है। इसी शिकायत के आधार पर मानव अधिकार आयोग ने कार्रवाई शुरू की। आयोग ने अपने नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा है कि मोनालिसा की उम्र की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि वह नाबालिग पाई जाती है तो संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मध्यप्रदेश और केरल के अधिकारियों को भी इस मामले में समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि मामला दो राज्यों से जुड़ा हुआ है।
ये भी पढ़ें- MP की एक और सोनम: 11 साल की शादी पर भारी पड़ा नौ साल का प्यार, आशिक के साथ दस दिन पहले रच ली थी खौफनाक साजिश
इस विवाद को और तूल तब मिला जब मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले, माता लता भोंसले और फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाए कि यह शादी अवैध है और इसमें लव जिहाद जैसी साजिश की आशंका है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। खरगोन पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी तथ्यों की बारीकी से जांच करें, जिसमें जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य वैध साक्ष्य शामिल हों। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने कहा कि मानव अधिकार आयोग का नोटिस मिला है। मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उनके अनुसार अग्रिम कार्रवाई कर आयोग को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।