खंडवा में प्रतिबंधित संगठन सिमी के मुखिया और भोपाल जेल ब्रेक कांड के आरोपी अकील खिलजी के पुत्र और सिमी सदस्य रहे जलील ख़िलजी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से देसी पिस्टल सहित सात जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खंडवा पहुंचीं अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ की है। इसके बाद शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने उस पर अवैध हथियारों से जुड़ा मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा है। बता दें कि, आरोपी जलील खिलजी पर पहले ही शासकीय कार्य मे बाधा और मारपीट सहित विस्फोटक अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
इधर इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए एसपी खंडवा मनोज कुमार राय ने बताया कि अभी पर्वों का समय चल रहा है, जिसमें खंडवा जिले में जहां एक और अनंत चतुर्दशी का एक बड़ा चल समारोह निकलने वाला है, तो वहीं इसके पूर्व ईद मिलादुन्नबी का एक बड़ा जुलूस यहां निकाला जाता है। इसी के चलते जिले में जितने भी प्रतिबंधित संगठनों के पूर्व के सदस्य रहे हैं, उन पर या पुराने बदमाशों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी बीच शहर के घासपुरा स्थित माल गोदाम क्षेत्र से प्रतिबंधित संगठन सिमी के पूर्व सदस्य जलील खिलजी को लेकर पुलिस को कुछ सूचना मिली थी। इसे तलाश कर जब पूछताछ की गई तो उसके पास से एक पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। जब्त हुआ पिस्टल हैंडमेड था जो कि उसने बताया कि कुछ समय से उसने अपने पास रखा था।
ये भी पढ़ें- खंडवा में ATS ने चार युवकों को उठाया, सिमी मुखिया अकील खिलजी का बेटा गिरफ्तार; महाराष्ट्र ले गई पुलिस
एसपी ने बताया कि चूंकि आरोपी प्रतिबंधित संगठन से पूर्व में जुड़ा रहा है, जिसके चलते उन पर नजर रखने वाली कुछ एजेंसियों ने भी खंडवा आकर उससे पूछताछ की है। इसके बाद उस पर अवैध हथियार रखने से जुड़ा मामला दर्ज करते हुए थाना कोतवाली पुलिस के द्वारा उसे आज जेल भेजा जा रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी जलील खिलजी पूर्व के सिमी संगठन के सदस्य अकील खिलजी का पुत्र है, जिस पर साल 2011, 2012 और 2015 में मारपीट, एक्सप्लोसिव एक्ट सहित शासकीय कार्य मे बाधा डालने के मामले दर्ज पाए गए हैं।
खंडवा एसपी ने बताया कि खंडवा पुलिस का पूरी तरह से प्रयास है कि त्योहारों के दौरान खंडवा शहर में शांति व्यवस्था बरकरार रहे, और ऐसे आसामाजिक तत्व के लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं पकड़े गए आरोपी जलील के एक भाई, साथियों और उस पर भी महाराष्ट्र में एनकाउंटर सहित अन्य आपराधीक गतिविधियों में शामिल होने के मामले पहले से दर्ज हैं। इसके चलते ऐसी सभी एजेंसीयां जिन्होंने उससे पहले कभी कुछ मामलों में पूछताछ की थीं, उन सभी ने आरोपी से पूछताछ की है। इसके बाद खंडवा पुलिस ने भी इस पर आगे की कार्रवाई की है।