फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP: कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, दो घंटे तक धधकती रहीं लपटें; लाखों का सामान जलकर राख

Sat, 20 Jun 2026 01:48 PM IST
जबलपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जबलपुर

जबलपुर के गढ़ा पुरवा-धनवंतरी नगर मुख्य मार्ग स्थित एक कबाड़ गोदाम में शुक्रवार रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

संजीवनी नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ा पुरवा-धनवंतरी नगर रोड पर मंडी मदार टेकरी निवासी शफीक मोहम्मद का कबाड़ गोदाम संचालित है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे अज्ञात कारणों से गोदाम में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

रिहायशी क्षेत्र में स्थित गोदाम में आग लगने से आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बन गया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार दो घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलाकर आग को फैलने से रोका और आखिरकार उस पर नियंत्रण पाया।

हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। पुलिस और संबंधित विभाग आग के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में वर्षों से कबाड़ गोदाम संचालित किया जा रहा था, लेकिन वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से ऐसे प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें