मध्यप्रदेश के ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर के भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कर लौट रहे भाजपा नेताओं की कार देर रात लगभग एक बजे घने कोहरे के चलते खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में वरिष्ठ नेता संजय देशमुख गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं एक पार्षद सहित तीन अन्य भाजपा नेताओं को भी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी संजय देशमुख, शिवपाल परमार, पार्षद ओमप्रकाश कुशवाहा, प्रबल प्रताप सिंह शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर के भाई के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त करने ग्वालियर गए थे। देर रात गुना आते समय लगभग एक बजे भाजपा नेताओं की कार भदौरा के समीप नेशनल हाइवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में कार की आगे वाली सीट पर बैठे संजय देशमुख को गंभीर चोटें आई हैं। उनके साथी भी घायल हुए। सभी लोगों को देर रात ही गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां देशमुख की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। इससे पहले दुर्घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका अध्यक्ष पति अरविंद गुप्ता सहित कई भाजपा नेता जिला अस्पताल पहुंचे और देशमुख के स्वास्थ्य का जायजा लिया। फिलहाल भाजपा नेता की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, मीडिया से चर्चा करते हुए गुना नगर पालिका अध्यक्ष धरम सोनी ने बताया कि हमारे सभी साथी शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए एक गमी के कार्यक्रम में गए हुए थे। वहां से गुना की ओर वापस लौटने के दौरान भदौरा के यहां ये हादसा हुआ।