धार जिले की कुक्षी तहसील के ग्राम आसपुर में बेटे ने पिता की हत्या कर दी। घर में पिता व पुत्र दोनों अकेले ही रहते थे। रुपयों के लेन-देन की बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी मुकेश बघेल (30) ने पिता कुंवरसिंह (60) की हत्या कर दी। आरोपी ने लोहे की रॉड से पिता पर प्राणघातक हमला किया। खून अधिक बहने के कारण कुंवरसिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। इधर घटना के बाद से ही आरोपी बेटा मुकेश फरार हो गया है। इसकी तलाश को लेकर दो टीमें पुलिस ने गठित की हैं।
ये भी पढ़ें- जेल से छूटा ईरानी गैंग का सरगना राजू ईरानी, बाहर आते ही मुंबई पुलिस ने लिया हिरासत में
जानकारी के अनुसार बाग थाना क्षेत्र की डेहरी चौकी के आसपुर गांव के फलिये मसानियापुरा में मुकेश बघेल (30) ने अपने पिता कुंवर सिंह (60) से पैसे मांगे थे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मुकेश ने घर में रखी लोहे की रॉड से पिता के सिर पर कई वार किए। घटना मंगलवार देर रात की है, बुधवार सुबह पीएम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस बुधवार सुबह गांव पहुंची व पंचनामा बनाकर मर्ग कायम किया है। मुकेश डेहरी चौकी पर 'गुंडा बदमाश' की सूची में भी दर्ज है। मृतक के चाचा के लड़के विकास ने घटना की सूचना गांव के सरपंच मनोहर चौहान को दी। सरपंच ने तत्काल डेहरी चौकी पुलिस को सूचित किया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की। मृतक की पत्नी का निधन एक साल पहले ही हो चुका था। उनके दो बेटे और दो विवाहित बेटियां हैं। दूसरा बेटा मनोहर अलग रहता है।
गांव से घटना की सूचना मिली थी, घटना स्थल का निरीक्षण कर हथियार को बरामद कर लिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया हैं। आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी ने अपने पिता से पैसे मांगे थे, इसी कारण कुंवरसिंह की हत्या हुई है।
-जगदीश चौहान, चौकी प्रभारी