करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के साथ व्रत रखने वाली पत्नी के लिए अगले ही दिन एक सड़क हादसे ने जिंदगी में ऐसा अंधेरा ला दिया, जिससे उबर पाना आसान नहीं होगा। दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर भदर नाले के पास शुक्रवार दोपहर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार विक्रम विश्वकर्मा की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पति की लंबी उम्र के लिए एक दिन पहले पूजा-अर्चना की थी, उसी को अगले दिन हमेशा के लिए खोने से परिवार गहरे सदमे में है।
पत्नी के साथ जबेरा आ रहे थे विक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विक्रम विश्वकर्मा अपनी पत्नी के साथ ग्राम पतलोनी से बाइक पर सवार होकर जबेरा आ रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जबेरा थाना क्षेत्र के भदर नाले के पास एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर गए, जिसमें विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें- कलयुग की सावित्री: करवाचौथ पर पति की जान बचाने के लिए व्रत में जहरीले सांप से भिड़ी पत्नी, पटक-पटककर ले ली जान
पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान के निर्देशन में आरक्षक प्रवीण पटेल, आकाश साहू और वाहन चालक कलाम खान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने घायल विक्रम को तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा पहुंचाया। यहां डॉक्टर रवि यादव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक दिन पहले मनाया था करवा चौथ, अगले दिन मातम
इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। करवा चौथ के अवसर पर पत्नी ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था, लेकिन त्योहार के अगले ही दिन हुए हादसे में विक्रम की मौत हो गई। पति को खोने के गम में पत्नी बदहवास है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
जबेरा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल ट्रक और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।