छतरपुर जिले के लवकुशनगर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत हरद्वार में बीते रोज जैसे ही भाजपा की विकास यात्रा पहुंची वैसे ही ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विकास यात्रा का विरोध शुरू कर दिया। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने इस दौरान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। एक बार पुलिस द्वारा ग्रामीणों को शांत करा दिया गया था, लेकिन कुछ देर बार ग्रामीणों ने पुन: विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद ग्रामीणों की समस्या सुनकर उसे हल कराने का भरोसा दिया गया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
बताया जा रहा है कि राजनगर विधानसभा में भाजपा जिला महामंत्री अरविंद पटैरिया के नेतृत्व में विकास यात्रा निकाली जा रही थी, विकास यात्रा सोमवार की दोपहर ज्योराहा होते हुए ग्राम पंचायत हरद्वार पहुंची, जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाते हुए विकास यात्रा का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने यहां जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और विकास यात्रा आगे बढ़ सकी। हालांकि यह विरोध यहीं नहीं थमा, हरद्वार से कुछ दूरी पर जब विकास यात्रा का कार्यक्रम चल रहा था, तो ग्रामीण वहां भी पहुंच गए और पुन: नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध का कारण पिछले कई दिनों से हरद्वार में ट्रांसफार्मर न होने के कारण बिजली की समस्या को बताया जा रहा है, जिस कारण से ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग से नाराज थे। समस्या की तह तक जाने पर ज्ञात हुआ कि कुछ ग्रामीणों का बिल जमा न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिसके बाद विकास यात्रा के साथ चल रहे भाजपा नेताओं ने ग्रामीणों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि समय पर बिल जमा किए जाते तो यह नौबत नहीं आती, इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। हालांकि ग्रामीणों ने कहा है कि कुछ ग्रामीणों का बिल जमा न होने की सजा सभी ग्रामीणों को दी जा रही है, जो कि सही नहीं है।
बता दें, भाजपा के मंत्री और विधायक इन दिनों अपने-अपने क्षेत्रों में विकास यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन विकास यात्रा को विरोध का सामना करना पड़ रहा है, बीते दिनों शहडोल के जैतपुर और जयसिंहनगर में भी ग्रामीणों ने विकास यात्रा का विरोध किया था, जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।