स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर कड़ा प्रहार किया। वह सुल्तानपुर के जयसिंहपुर विधानसभा स्थित ‘प्राथमिक विद्यालय राहिलपारा’ का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी के बाद अब ‘स्कूलों की चोरी’ हो रही है। उन्होंने स्कूल की जर्जर हालत देख इसे प्रदेश के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ बताया। संजय सिंह ने मौके पर पाया कि जो स्कूल सरकारी रिकॉर्ड में संचालित दिखाया जा रहा है, असल में वहां ताले लटके हुए हैं। उन्होंने इसे एक बड़ा ‘फ्रॉड’ करार देते हुए कहा कि कागजों में दिखाया जा रहा है कि यहां बच्चों को शिक्षा दी जा रही है, जबकि हकीकत में यह विद्यालय बंद हो चुका है। इसे अन्यत्र मर्ज कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कागजों पर फर्जी तरीके से स्कूल चलाने के पीछे सरकार की क्या मंशा है?