लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट नंबर तीन से 'विश्व साइकिल दिवस' पर इंस्टीट्यूट ऑफ वाइल्डलाइफ और लखनऊ विश्वविद्यालय की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य 'ऊर्जा की बचत और पर्यावरण संरक्षण' (गो ग्रीन) का संदेश देना था। रैली की समन्वयक प्रोफेसर अमिता कनौजिया ने बताया कि यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र के 'सतत विकास लक्ष्यों' (SDG 7) के तहत समाज को जागरूक करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन की छोटी दूरियों जैसे स्कूल जाने या सामान लाने के लिए साइकिल का उपयोग कर ईंधन संकट से निपटा जा सकता है। इस रैली में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और विभिन्न साइकिलिस्ट समूहों सहित लगभग 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।