तैलीबाग के रायबरेली रोड स्थित सेनानी विहार मोड़ पर एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के बाहर चोरी के आरोप में पकड़े गए युवक को कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड द्वारा लोहे की जंजीर से बांधकर पूछताछ किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ चौकी ले गई। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले शोरूम के बाहर फुटपाथ पर रखी लोहे की सीढ़ी का एक स्टेप चोरी हो गया था। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की घटना और संदिग्ध युवक की तस्वीर कैद हो गई थी। इसके बाद कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को संदिग्ध युवक शोरूम के पास दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को लोहे की जंजीर से बांधकर काफी देर तक पूछताछ की गई। इसके बाद उसे उस स्थान पर भी ले जाया गया, जहां कथित रूप से चोरी किया गया सामान बेचा गया था।