चिनहट बाजार स्थित महात्मा गांधी बालिका इंटर कॉलेज और पूर्व माध्यमिक विद्यालय, चिनहट बाजार (जोन-2) का परिसर नगर निगम की कथित लापरवाही के चलते कूड़ा डंपिंग प्वॉइंट बन गया है। विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि नगर निगम जोन-4 द्वारा यहां कूड़ा डंप किए जाने से परिसर में गंदगी, दुर्गंध और प्रदूषण फैला हुआ है। इससे करीब 550 छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता सिंह ने बताया कि इस संबंध में जोनल अधिकारी संजय यादव और क्षेत्रीय पार्षद अरुण कुमार राय से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में बदबू, मच्छरों और संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है, जिससे बच्चों में उल्टी-दस्त, बुखार व सांस संबंधी बीमारियों की आशंका बनी रहती है। वहीं, जोनल अधिकारी संजय यादव ने कहा कि स्कूल परिसर में डंपिंग प्वॉइंट बनाए जाने की जानकारी उन्हें नहीं है। पार्षद अरुण कुमार राय ने भी कहा कि यदि नगर निगम कर्मचारी ऐसा कर रहे हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने विद्यालय परिसर से तत्काल कूड़ा हटाने, नियमित सफाई कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।