लखनऊ के जानकीपुरम के गड़रियन पुरवा निवासी पंकज कश्यप पर बुधवार शाम को पुरानी रंजिश में गांव के ही दबंग भाइयों ने बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर व शरीर के अन्य कई जगह गहरे जख्म हो गए। पीड़ित ने जानकीपुरम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। गड़रियनपुरवा निवासी पंकज कश्यप एक पुलिस अधिकारी के यहां खाना बनाते हैं। पंकज के मुताबिक बुधवार शाम करीब 5:30 बजे वह गांव के होलिका दहन स्थल पर खड़े थे। इसी बीच गांव श्रीकांत, सौरभ, हेमंत अपने पिता श्रीपाल के साथ वहां पहुंचे। सौरभ ने पंकज से दाऊ के लिए रुपये मांगे। पंकज ने रुपये देने से मना कर दिया। पंकज ने बताया कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। सभी ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। इसी बीच श्रीकांत ने उसे पकड़ लिया। फिर हेमंत ने उसकी पीठ पर बांके से हमला कर दिया। इससे पहले वह संभल पाते, सौरभ ने हेमंत से बांका लेकर उसके ऊपर ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। जिससे उसके सिर और शरीर के कई जगह गहरे जख्म हो गए। गांव के अन्य लोगों के एकत्र होता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पंकज को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल पंकज ने बताया कि आरोपी गांव में अक्सर किसी न किसी से मारपीट करते रहते हैं। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि बुधवार को एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपी सब्जी बेचते हैं।