लखनऊ के मड़ियांव स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली अनएकेडमी कोचिंग में सोमवार को छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि कोचिंग प्रबंधन ने अचानक पूरी फैकल्टी को हटा दिया है, जबकि परीक्षा में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में उनकी तैयारी गंभीर रूप से प्रभावित होगी। प्रदर्शन कर रहे अभिनव व अन्य छात्रों ने कहा कि प्रवेश के समय प्रबंधन ने भरोसा दिलाया था कि बीच कोर्स में शिक्षकों को नहीं बदला जाएगा। अब अचानक बदलाव से उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। छात्रों की मांग है कि जिन शिक्षकों से वे पढ़ाई कर रहे थे, उन्हें तत्काल वापस बुलाया जाए। बता दें कि अनएकेडमी जेईई, नीट, यूपीएससी, एसएससी, बैंक पीओ, गेट, कैट समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराता है।