लखनऊ में मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। कुछ देर की बारिश के बाद ही हुसैनाबाद और ठाकुरगंज के कल्याणपुरी इलाके में जलभराव हो गया। नालों का पानी सड़कों और घरों के बाहर तक भर गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित रहा और कई जगह लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने से यह स्थिति बनी है। लोगों ने नगर निगम से जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और स्थायी समाधान की मांग की है।