किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के कलाम सेंटर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस (नो टोबैको डे) के अवसर पर फेफड़ों के कैंसर विषयक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों और कैंसर के बढ़ते मामलों पर चर्चा की। सेमिनार में डॉ. जोया सिद्दीकी ने फेफड़ों के कैंसर पर व्याख्यान देते हुए कहा कि तंबाकू सेवन इस बीमारी का प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और शुरुआती पहचान से फेफड़ों के कैंसर का प्रभावी उपचार संभव है। डॉ. सिद्दीकी ने लोगों से तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और नियमित स्वास्थ्य जांच से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सेमिनार में चिकित्सकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।