जानकीपुरम थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बना लिया। पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन छीन ली। वारदात के दौरान महिला का दुपट्टा भी बदमाशों के हाथ में फंस गया। कुछ दूर जाने के बाद बदमाश दुपट्टा सड़क पर फेंककर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। जानकीपुरम थाना क्षेत्र के आयुष विहार प्रथम निवासी दवा कारोबारी बीके बाजपेई की पत्नी भावना बाजपेई रोजाना की तरह बृहस्पतिवार सुबह करीब 5:40 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। रास्ते में उनकी सहेली सरिता भी मिल गईं। दोनों भवानी चौराहा, नीता बहादुर चौक और एकेटीयू चौराहा होते हुए भिठौली चौराहे की ओर जा रही थीं। भिटौली चौकी से कुछ दूर पहले पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने भावना के गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ली।