नबीपनाह गांव में शुक्रवार को सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से मारे गए उसी गांव के निवासी राजेश (26) और रिंकू(34) के घर रविवार को दैवीय आपदा प्रबंधन एवं जांच समिति के सभापति ,विधान परिषद सदस्य डॉ लाल जी प्रसाद निर्मल ने पहुंच मजदूर रिंकू की पत्नी रिंकी,राजेश की पत्नी सरोजनी और उनके परिजनों से बात कर दुख व्यक्त किया। सांत्वना देते हुए भावुक होकर उन्होंने कहा कि सेप्टिक टैंक में मौत होना सभ्य समाज के लिए बदनुमा दाग है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। वह हादसे से दुखी हैं। मृतक मजदूरों की पत्नी रिंकी, सरोजनी तथा उनके परिजनों के सामने उन्होंने मौके पर मौजूद तहसील के अधिकारियों से समुचित मुआवजा दिलाने के लिए त्वरित प्रयास किये जाने का निर्देश दिया। यह भी बताया कि कृषक दुर्घटना बीमा के पांच लाख और आपदा प्रबंधन की ओर से चार लाख रुपये की सहायता राशि आश्रितों को उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सीवर टैंक में मौत होने पर केंद्र सरकार की गाइड लाइन की अनुमन्य सुविधाएं एवं 30 लाख की सहायता राशि प्रकरण की जांच करा कर दी जाएगी।इसके अतिरिक्त पीड़ित परिवार के घर पूर्व विधायक इंदल रावत , कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुद्रदमन सिंह बब्लू ,समाजसेवी अमर नाथ प्रजापति, रामचन्द्र पटेल, सन्तोष बाल्मीकि आदि ने पहुंच कर परिजनों से शोक व्यक्त किया ।