लखनऊ के राजेंद्र नगर स्थित महाकाल मंदिर में सावन माह के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। फूलों, बेलपत्र और विशेष पूजन सामग्री से सजे बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रृंगार के बाद विधि-विधान से भगवान शिव की भव्य आरती की गई, जिसमें भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ हिस्सा लिया। आरती के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और शिव भजनों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। सावन के पावन अवसर पर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की थीं।