लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र के सींवा में शुक्रवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब भव्य फाल्गुन निशान पद यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरुआत मां शारदा माता मंदिर से हुई, जो छोटा श्याम जी मंदिर परिसर तक पहुंची। इस पद यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्त हाथों में निशान लिए जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। यात्रा की खास आकर्षण विभिन्न धार्मिक झांकियां रहीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा और सजे हुए रथों के साथ निकली झांकियों ने पूरे मार्ग को उत्सव में बदल दिया। यह पद यात्रा ओम श्री जागरण एवं जिंद बाबा मेला कमेटी, भवानीपुर कुर्सी रोड के सौजन्य से निकाली गई। आयोजन में मिंटू प्रधान धीरेन्द्र सिंह, सुधांशु यादव और मनीष पासी मुख्य रूप से शामिल रहे। भक्तिमय गीतों और जयकारों के बीच संपन्न हुई यह यात्रा क्षेत्र में आस्था और एकता का संदेश दे गई।