कुर्सी रोड पर गढ़ी पुलिस चौकी के पीछे बस रही नई कॉलोनी में विकास के दावे बारिश की पहली फुहार में ही कीचड़ में धंस गए हैं। शहीद भगत सिंह वार्ड द्वितीय के अंतर्गत आने वाली इस कॉलोनी की कच्ची सड़क लोगों के लिए आफत बन गई है। बारिश के बाद सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।