हनुमान सेतु मंदिर के सामने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत बनाए गए चौराहे को हटाकर सड़क चौड़ी करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण एजेंसी के अनुसार, इस स्थान पर बने चौराहे के कारण विशेषकर खाटू श्याम मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों को डालीगंज की तरफ जाने में काफी परेशानी होती थी। संकरे मार्ग के कारण यहां अक्सर यातायात प्रभावित रहता था। बताया गया कि ग्रीन कॉरिडोर निर्माण के दौरान यहां चौराहा विकसित किया गया था, जहां हरियाली बढ़ाने के लिए पेड़-पौधे और ग्रीनरी भी लगाई गई थी। हालांकि, बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अब चौराहे को हटाकर सड़क का विस्तार किया जा रहा है। मौके पर कार्य कर रहे कर्मचारियों के अनुसार, सड़क को चौड़ा करने से वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और जाम की समस्या में भी कमी आएगी। फिलहाल निर्माण कार्य जारी है।