गोमती नगर विस्तार स्थित एचटीपी रोड पर न्यू एमिटी कॉलेज के गेट नंबर-3 के बाहर सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन पानी की तेज छींटें उछाल रहे हैं। इसके कारण पैदल आने-जाने वाले लोगों के कपड़े खराब हो रहे हैं और उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की जर्जर स्थिति के चलते इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति भी बन रही है। वहीं गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक और अन्य राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क की शीघ्र मरम्मत कर गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।