गुडंबा थाना क्षेत्र के जानकीपुरम में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चार दिन के भीतर बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। इससे पहले रविवार रात सेवानिवृत्त उपमहानिदेशक, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण अशोक कुमार भी चेन स्नेचिंग का शिकार हुए थे। जानकारी के अनुसार, जानकीपुरम निवासी सीए पवन कपूर शुक्रवार सुबह सेक्टर जे स्थित पंचवटी पार्क के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार एक बदमाश उनके पास पहुंचा और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। घटना सेक्टर-जे पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई। सूचना पर पहुंची गुडंबा पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इससे पहले रविवार रात करीब 11 बजे सेक्टर-एच जानकीपुरम निवासी अशोक कुमार, सेवानिवृत्त उपमहानिदेशक, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, एसबीआई रोड पर चार नंबर चौराहे की ओर टहल रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। अशोक कुमार ने गुडंबा थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लगातार दूसरी चेन स्नेचिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है। उनका कहना है कि सुबह और रात दोनों समय लोग टहलने निकलते हैं, लेकिन पुलिस गश्त प्रभावी नहीं होने से बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। गुडंबा पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के संबंध में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों वारदातों में कहीं एक ही गिरोह तो शामिल नहीं है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।