चिनहट इलाके के लौलाई स्थित चन्द्रिका विहार कॉलोनी में सोमवार देर रात अराजकता फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने एक बार क्लब मैनेजर की थार गाड़ी पर जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित राजेन्द्र मौर्य ने बताया कि वह गोमतीनगर स्थित समिट बिल्डिंग में एक बार क्लब में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार रात ड्यूटी खत्म कर वह करीब साढ़े बारह बजे घर पहुंचे थे। गाड़ी घर के बाहर खड़ी कर कपड़े बदलकर सोने चले गए। कुछ ही देर बाद तेज आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो देखा कि उनकी थार गाड़ी के शीशे टूटे हुए थे और आसपास गोलियों के खोखे पड़े थे। हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग चुके थे। राजेन्द्र के अनुसार, कुछ दिन पहले बार में प्रवेश को लेकर कुछ लोगों को मना किया गया था, जिससे नाराज होकर उन लोगों ने पहले भी उन्हें घेरकर मारपीट करने की कोशिश की थी। उस समय सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के कारण वह बच गए थे। उनका आरोप है कि वही लोग पिछले 10–12 दिनों से उनका पीछा कर रहे थे और इसी रंजिश में यह हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही चिनहट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से बुलेट और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। चौकी इंचार्ज़ मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्यवाही की जाएगी