लगातार बढ़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। तपिश भरी हवाएं राहत देने के बजाय गर्म थपेड़े मार रही हैं। इसका असर रूमी दरवाज़ा इलाके में साफ दिखाई दे रहा है, जहां आम दिनों में दिनभर गुलजार रहने वाली सड़कें अब सुनसान नजर आ रही हैं। भीषण गर्मी के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सड़क पर केवल इक्का-दुक्का वाहन आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है।